पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 109वीं जयंती पर भाजपा जमशेदपुर ने संगोष्ठी का आयोजन

Ansuman Bhagat
By
Ansuman Bhagat
Ansuman Bhagat
Senior Content Writer
Ansuman Bhagat is an experienced Hindi author and Senior Content Writer known for his fluent and impactful writing in modern Hindi literature. Over the past seven...
- Senior Content Writer
3 Min Read

जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 109वीं जयंती के अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन किया। गुरुवार को साकची स्थित काली माटी बैंक्वेट हॉल में यह कार्यक्रम जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी उपस्थित रहे।

संगोष्ठी में जमशेदपुर के सांसद विद्युत बरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, पूर्व सांसद आभा महतो, पोटका की पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा, कार्यक्रम संयोजक संजीव सिंह सहित अन्य कई नेतागण भी उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और पुष्प अर्पित कर उनकी याद में श्रद्धांजलि देने से हुई।

मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजनीति को विशेषाधिकार नहीं बल्कि सेवा, समर्पण और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान का माध्यम मानते थे। ‘अंत्योदय’ उनके लिए केवल राजनीतिक नारा नहीं बल्कि जीवन का मंत्र था। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आवास योजना, आयुष्मान भारत, जनधन योजना, सौभाग्य योजना और हर घर जल आदि में अंत्योदय की भावना को सीधे गरीब, वंचित और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाया गया।

सांसद विद्युत बरण महतो ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय दर्शन तब और महत्वपूर्ण हुआ जब दुनिया कोविड-19 महामारी, खाद्य संकट और बेरोजगारी जैसी चुनौतियों से जूझ रही थी। इसी दिशा में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से 80 करोड़ गरीब परिवारों तक मुफ्त राशन पहुँचाया गया।

जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने उनके एकात्म मानववाद और अंत्योदय के दर्शन को कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि देश और विश्व ने इन विचारों को स्वीकार किया है। वहीं, पूर्व सांसद आभा महतो ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय विचार और राष्ट्रवादी संस्कृति की नींव रखी। पोटका की पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा ने बताया कि उनका जीवन समाज के कमजोर तबकों के उत्थान के लिए समर्पित था।

संगोष्ठी में स्वागत संबोधन जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा, मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष राजीव सिंह और धन्यवाद ज्ञापन जिला मंत्री जितेंद्र राय ने किया। इस अवसर पर सैकड़ों कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article