अनुशासनहीनता के आरोप में भाजयुमो के दो जिला पदाधिकारी निलंबित, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने तीन दिनों के भीतर मांगा लिखित स्पष्टीकरण

2 Min Read

जमशेदपुर: भाजपा ने अनुशासनहीनता के आरोप में भाजयुमो के दो पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने तीन दिनों के अंदर उनसे लिखित स्पष्टीकरण की मांग की है। बताया जाता है कि पिछले दिनों भाजयुमो जमशेदपुर महानगर के मीडिया प्रभारी मोंटी अग्रवाल एवं भाजयुमो जमशेदपुर महानगर के आईटी सेल प्रभारी आशीष कुमार साहू के द्वारा फेसबुक अकाउंट से संगठन एवं पार्टी के वरीय नेताओं के ऊपर लगातार टिप्पणी की जा रही थी। इस टिप्पणी को संज्ञान में लेते हुए भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष ने कार्रवाई करते हुए उक्त नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

मंगलवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने पत्र जारी कर भाजयुमो के दोनों जिला पदाधिकारी को पदमुक्त करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। जारी पत्र में कहा गया है कि विगत कुछ दिनों में उनके द्वारा सोशल मीडिया पर लगातार संगठन एवं संगठन के वरीय नेताओं पर अनर्गल टिप्पणी करने का मामला संज्ञान में आया है। इस प्रकार सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से की गई टिप्पणी से संगठन की छवि धूमिल हो रही है। दोनों पदाधिकारियों को इस मामले में तीन दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित में देने को कहते हुआ पूछा है कि आखिर उन्हें क्यों नहीं पार्टी से निष्कासित कर दिया जाए?

वहीं, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने बताया कि भाजपा में अनुशासन सर्वोपरि है। अनुशासनहीनता के लिए पार्टी में कोई जगह नहीं है। यदि किसी ने भी प्रत्यक्ष व परोक्ष रूप से अनुशासन भंग किया तो ऐसे लोगों पर पार्टी निश्चित रूप से कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ी तो अनुशासन भंग करने वाले को बाहर का रास्ता दिखाने में भी देरी नहीं लगाई जाएगी।

Share This Article