K. Durga Rao
जमशेदपुर : जमशेदपुर के पोखारी स्थित नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने 1700 छात्रों को डिग्री प्रदान की और 120 मेधावी छात्रों को स्वर्ण और रजत पदक से सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों को “आई कैन- आई विल” के सिद्धांत पर आगे बढ़ने की सलाह दी और कहा कि रोजगार करने से बेहतर है रोजगार देने वाला बनें।
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह को कर्मवीर पुरुष बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हर सप्ताह एक शैक्षणिक संस्थान खुल रहा है और भारतीय छात्र देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत का शताब्दी वर्ष आने तक विश्व गुरु बनने का सपना साकार होगा, जिसमें युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

वहीं संस्थान के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने सभी पासआउट छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है।
कार्यक्रम में केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह के अलावा विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह, उड़ीसा की शैक्षणिक सलाहकार डॉ शुक्ला मोहंती, कुलपति डॉ प्रभात कुमार पाणी, कुलसचिव नागेंद्र सिंह और नेताजी सुभाष ग्रुप के चांसलर मदन मोहन सिंह उपस्थित थे।






