जमशेदपुर/पोटका : पोटका अंचल के नारदा पंचायत अंतर्गत ढेंगाम हाट मैदान में बुधवार को आदिम जनजाति सबर समुदाय के लिए विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया। इसमें नारदा एवं हरिणा पंचायत के लोगों के लिए जाति और आवासीय प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया पूरी की गई। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में पोटका विधायक संजिव सरदार उपस्थित रहे। ग्रामसभा की अध्यक्षता नारदा पंचायत की मुखिया मिरू सरदार और हरिणा पंचायत की मुखिया सरस्वती मुर्मू ने की।
सरकार सबरो को मुख्य धारा से जोड़ने की कर रही पहल, विशेष ग्रामसभा से सबरों को मिलेगा हक – संजीव सरदार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संजिव सरदार ने कहा – “सबर जनजाति के लिए जाति और आवासीय प्रमाण पत्र बनवाना एक बड़ी चुनौती रहा है, क्योंकि इनके पास जमीन और जरूरी कागजात की कमी होती है। इस विशेष ग्रामसभा से उन्हें न केवल सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा, बल्कि एक पहचान भी मिलेगी। हमारा प्रयास है कि शत-प्रतिशत सबर परिवारों के पास जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड उपलब्ध हो। इसके लिए जल्द ही शिविर लगाकर काम किया जाएगा।” उन्होंने आदिवासी युवाओं से नशा से दूर रहने और समाज को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ाने की अपील की। साथ ही टाटा स्टील फाउंडेशन जैसे संस्थानों से भी सहयोग की अपील की ताकि सरकार और समाज मिलकर सबर जनजाति को सशक्त बना सकें।

165 आवेदन स्वीकृत, ग्रामीणों को मिला सहयोग, आगे भी जारी रहेगी प्रक्रिया
विशेष ग्रामसभा में नारदा और हरिणा पंचायत क्षेत्र से कुल 165 आवेदन लिए गए और पंचायत प्रतिनिधियों एवं राजस्व उपनिरीक्षक की मौजूदगी में इन्हें स्वीकृत किया गया। वहीं जिनके आवेदन नहीं लिए जा सके, उनके लिए आगे भी प्रक्रिया जारी रखने का निर्णय लिया गया।
मच्छरदानी और साड़ी/धोती के साथ साबुन और तेल का वितरण
कार्यक्रम में पहुंचे करीब ढाई सौ सबर जनजाति परिवारों को सहयोग स्वरूप टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से मच्छरदानी और साड़ी/धोती, जबकि बीएसजीएसएम सोशल वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से साबुन, तेल और बच्चों के लिए बिस्कुट वितरित किए गए। यहां टाटा स्टील फाउंडेशन के मैनेजर नमीता फांसिस टोप्पो एवं अभीषेक मुखी, शांति मुखी, रीतेश टुडू, संदीप कालिंदी, बाबुलाल गोयपाई, देवराज मुंडा, बुधराय मांडी, रूची आदि उपस्थित थे, वहीं बीएसजीएसएम सोशल वेलफेयर ट्रस्ट के लाल सरदार, मनोरंजन सरदार, दीपक सरदार, फुलचांद सरदार, भरत सरदार आदि उपस्थित थे. यहां पहुंचे सभी को सुबह एवं दोपहर का भोजन कराया गया.





