नरसिंह इस्पात लिमिटेड की सीएसआर पहल: विधायक सविता महतो ने 700 जरूरतमंदों के बीच किया कंबल वितरण

3 Min Read

कांड्रा (चांडिल): कड़ाके की ठंड के बीच जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से नरसिंह इस्पात लिमिटेड द्वारा अपनी नियमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) गतिविधियों के तहत गुरुवार को एक सराहनीय पहल की गई। चांडिल प्रखंड के खुंटी स्थित नरसिंह इस्पात कंपनी परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों असहाय महिला एवं पुरुषों के बीच 700 कंबलों का वितरण किया गया। कंबल वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ईचागढ़ विधायक सविता महतो के हाथों किया गया।

इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि ठंड के इस मौसम में गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए कंबल किसी जीवन रक्षक साधन से कम नहीं है। कंबल मिलने से लोगों को ठंड से काफी राहत मिलेगी। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे ठंड से बचाव के लिए कंबल का नियमित उपयोग करें और अपने बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। विधायक ने यह भी कहा कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण का कार्य किया जाएगा, ताकि कोई भी गरीब परिवार ठंड से प्रभावित न हो।

कार्यक्रम के दौरान नरसिंह इस्पात लिमिटेड के अधिकारियों ने बताया कि कंपनी द्वारा प्रत्येक वर्ष सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा और राहत कार्यों से जुड़ी गतिविधियां लगातार की जाती हैं। कंबल वितरण भी उसी कड़ी का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य स्थानीय समुदाय के प्रति कंपनी की जिम्मेदारी निभाना है।

कंबल वितरण कार्यक्रम में स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार, जिला परिषद सदस्य सविता मार्डी, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलु महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, खूंटी पंचायत के मुखिया सुखराम बेसरा, मुसरीबेरा ग्राम प्रधान ज्ञान चंद्र महतो, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, अर्जुन सिंह मुंडा, समर भुईया, श्रीकांत महतो, राहुल वर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

कंपनी प्रबंधन की ओर से आईआर एस एम सिंह, एचआर हेड अनुप कुमार साहू, हरे कृष्ण झा, लम्बोदर महतो, हरे कृष्ण रजक समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए और वितरण कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।

कार्यक्रम के अंत में विधायक सविता महतो और उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने नरसिंह इस्पात लिमिटेड द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उद्योग और समाज के बीच बेहतर तालमेल से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है। जरूरतमंदों के चेहरे पर कंबल पाकर आई मुस्कान ने इस सेवा कार्य को और भी सार्थक बना दिया।

Share This Article