जादूगोड़ा:असेका (ASEKA) की ओर से नरवा पहाड़ यूसिल कॉलोनी में आयोजित बोर्ड ऑफ संथाली एजुकेशन की तीन दिवसीय शीतकालीन परीक्षा (26 से 28 दिसंबर) का सफल समापन हो गया। परीक्षा केंद्र का निरीक्षण असेका के महासचिव शंकर सोरेन द्वारा किया गया।
परीक्षा के अंतिम दिन लोअर, हायर और मैट्रिक स्तर के परीक्षार्थियों ने प्रथम पाली में गणित तथा द्वितीय पाली में हिंदी एवं अंग्रेजी की परीक्षा दी। वहीं 10+2 (कला) स्तर के छात्रों ने सोशल साइंस और गणित की परीक्षा में भाग लिया।
नरवा पहाड़ यूसिल कॉलोनी स्थित इस परीक्षा केंद्र में कुल 60 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। सभी परीक्षाएं संथाली ओलचिकी भाषा में आयोजित की गईं।
इस अवसर पर असेका के महासचिव शंकर सोरेन एवं माझी बाबा वीरेन टुडू ने बताया कि परीक्षा चार संकायों—
लोअर (पांचवीं के समकक्ष),
हायर (आठवीं के समकक्ष),
मैट्रिक (दसवीं के समकक्ष)
और 10+2 (कला)
के लिए आयोजित की गई।
उन्होंने बताया कि बहडागोड़ा समेत पूरे राज्य के 20 परीक्षा केंद्रों में लगभग 350 परीक्षार्थियों ने इस परीक्षा में भाग लिया। यह परीक्षा वर्ष में दो बार—जून और दिसंबर—संथाली ओलचिकी भाषा में आयोजित की जाती है।
परीक्षा के सफल आयोजन में शंकर सोरेन, दुर्गा प्रसाद मुर्मू, सुराई मुर्मू, सुनीता हेंब्रम, गुरु बारी सरदार (शिक्षिका), माझी बाबा वीरेन टुडू, दिलीप मुर्मू एवं बंगाल टुडू का अहम योगदान रहा।





