रक्तदाताओं को मिलेगा हेलमेट, रक्तदान के साथ सड़क सुरक्षा का संदेश — सरायकेला में अनोखी पहल

Raj Sharma
2 Min Read

सरायकेला : सरायकेला सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में सोमवार को आयोजित होने वाले स्वैच्छिक रक्तदान शिविर को लेकर तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं। रविवार को शिविर की तैयारियों का जायजा लेते हुए अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी।

श्री चौधरी ने सभी इच्छुक रक्तदाताओं से अपील की कि वे शिविर के दिन किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए पहले से व्हाट्सएप नंबर 9204232406 पर अपनी सहमति भेज दें।

इस अवसर पर उन्होंने रक्तदान को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए इसके शारीरिक लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रक्तदान के बाद शरीर नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण तेजी से करता है, जिससे रक्त परिसंचरण बेहतर होता है और हृदय की कार्यक्षमता बढ़ती है। नियमित रक्तदान से शरीर में आयरन का स्तर संतुलित रहता है, जिससे आयरन की अधिकता से होने वाली बीमारियों का खतरा कम होता है। साथ ही, शरीर से विषाक्त पदार्थों का निष्कासन भी तेज़ होता है, जिससे त्वचा में ताजगी और ऊर्जा का अनुभव होता है।

रक्तदान के सामाजिक महत्व को रेखांकित करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि रक्त की एक इकाई से दुर्घटना पीड़ितों, शल्य-क्रिया से गुजर रहे मरीजों और गंभीर रक्त रोगों से पीड़ित कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। रक्तदान न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह सामाजिक एकजुटता, मानवीय संवेदना और परस्पर सहयोग की भावना को भी मजबूत करता है।

विशेष पहल

इस शिविर की सबसे खास बात यह है कि सभी रक्तदाताओं को हेलमेट प्रदान किया जाएगा। यह देश में अपनी तरह की एक अनोखी पहल मानी जा रही है, जिसके माध्यम से रक्तदान के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति भी लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।

आयोजकों ने आम लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में भाग लेकर रक्तदान करने और इस सामाजिक अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

Share This Article