बेटे ने बेरहमी से की पिता की हत्या

Raj Sharma
3 Min Read

सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र

एंकर :–

कहते हैं कि पिता जीवन का आधार होता है, वह जो अपने सुख-दुख भूलकर औलाद की हर ज़रूरत पूरी करता है। माता-पिता को धरती पर भगवान का दर्जा दिया गया है। लेकिन जब वही औलाद अपने ही जन्मदाता की जान की दुश्मन बन जाए, तो यह समाज के लिए एक भयावह संकेत बन जाता है।
कलयुग की इसी स्याह तस्वीर को उजागर करती एक दिल दहला देने वाली घटना झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले से सामने आई है, जहाँ एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी।


रिपोर्ट :–

सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र से मंगलवार को एक सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई।
टायो कॉलोनी स्थित जीएफ फ्लैट संख्या-2 में एक बेटे ने अपने ही पिता पर जानलेवा हमला कर उनकी हत्या कर दी।

मृतक की पहचान रामा नाथ दास (उम्र लगभग 55 वर्ष) के रूप में हुई है। वे टीजीएस कंपनी में कार्यरत थे और हाल ही में ईएसएस ले चुके थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी पुत्र ने किसी विवाद के बाद धारदार हथियार से अपने पिता पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हमले की क्रूरता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटना स्थल का दृश्य देखकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पुत्र स्वयं गम्हरिया थाना पहुँचा और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस के साथ एसडीपीओ समीर कुमार सवैया मौके पर पहुँचे और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे घटनाक्रम की गहराई से छानबीन की जा रही है।


पारिवारिक पृष्ठभूमि :–

बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था।
उनकी एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है।
आरोपी पुत्र भी विवाहित है, लेकिन पारिवारिक विवाद के कारण उसकी पत्नी अलग रह रही थी।
पिता और पुत्र दोनों ही टायो कॉलोनी के उसी फ्लैट में अकेले रहते थे।


पुलिस की कार्रवाई :–

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव या अन्य किसी वजह से इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया गया—इन सभी बिंदुओं पर आरोपी से पूछताछ जारी है।

घटना के बाद से इलाके में दहशत और सन्नाटे का माहौल बना हुआ है।


बाइट :–

विवेक दास (मृतक का भगना)

Share This Article