जमशेदपुर
आज के समय में जहां स्वार्थ और लालच की खबरें आम हैं, वहीं समाज में ईमानदारी और मानवीय मूल्यों की मिसालें भी सामने आती रहती हैं। ऐसी ही एक सराहनीय घटना सरदार पटेल कॉलेज ऑफ फार्मेसी के निदेशक उपेंद्र प्रसाद द्वारा देखने को मिली, जिन्होंने नेचर लैंड रिजॉर्ट, गालूडीह में मिला एक सोने का लॉकेट उसके वास्तविक स्वामी तक पहुंचाकर ईमानदारी का परिचय दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 जनवरी को उपेंद्र प्रसाद अपने परिवार के साथ नेचर लैंड रिजॉर्ट में भोजन करने गए थे। इसी दौरान उन्हें रिसॉर्ट परिसर में एक सोने का लॉकेट मिला। उन्होंने बिना देर किए इसकी सूचना रिसॉर्ट प्रबंधन को दी और लॉकेट को सुरक्षित रखवाया।
वहीं, कदमा निवासी विमल कुमार प्रसाद ने बताया कि 7 जनवरी को वे अपनी पत्नी और मित्रों के साथ पिकनिक मनाने नेचर लैंड रिजॉर्ट गए थे। इसी दौरान उनकी पत्नी के गले से सोने का लॉकेट कहीं गिर गया। काफी खोजबीन के बावजूद जब लॉकेट नहीं मिला, तो उन्होंने रिसॉर्ट मैनेजर को इसकी जानकारी देते हुए अपना संपर्क नंबर भी साझा किया था।
रिसॉर्ट प्रबंधन के सहयोग से उपेंद्र प्रसाद ने विमल कुमार प्रसाद से संपर्क किया और उन्हें अपने निवास विजय गार्डन, बारीडीह बुलाकर लॉकेट सकुशल सौंप दिया। खोया हुआ लॉकेट वापस पाकर दंपति बेहद प्रसन्न नजर आए और उन्होंने उपेंद्र प्रसाद के इस ईमानदार और सराहनीय कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।
यह घटना समाज में ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को जीवित रखने का प्रेरणादायक उदाहरण है।





