जमशेदपुर, 26 जनवरी।
अपने माता-पिता की सेवा ही सबसे बड़ा सेवा कार्य है और समाज के जरूरतमंदों में माता-पिता का स्वरूप देख कर सेवा करना सच्ची मानवता है। स्वर्गीय माता की स्मृति में आयोजित यह नेत्र शिविर उसी भावना का जीवंत उदाहरण है। यह बातें जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने स्व. सोना देवी की स्मृति में आयोजित नेत्र शिविर के समापन सह विदाई समारोह में कहीं।
यह नेत्र शिविर सोना देवी मेमोरियल एजुकेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट एवं सोना देवी यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था। विधायक सरयू राय ने कहा कि माता के देहावसान के बाद प्रभाकर सिंह द्वारा समाज सेवा के इस मार्ग को अपनाना अत्यंत प्रेरणादायक है। ऐसे सेवा कार्यों में लगे लोगों पर ईश्वर की कृपा बनी रहती है और सेवा पाने वालों की शुभकामनाएं उन्हें आगे बढ़ने की शक्ति देती हैं।
उन्होंने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया और लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की सेवा का जो सपना देखा था, उसका साकार रूप राम मनोहर लोहिया सेवा संस्थान में देखने को मिलता है। यहां समाज के सबसे पिछड़े, कमजोर और निम्न आय वर्ग के लोगों को निःस्वार्थ भाव से स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं।
समारोह के दौरान विधायक सरयू राय ने शिविर में लाभान्वित नेत्र रोगियों को चश्मा पहनाया, दवाइयां वितरित कीं तथा उपहार स्वरूप प्रत्येक मरीज को एक-एक कंबल एवं नाश्ते का पैकेट प्रदान किया। यह वितरण शिविर संयोजक प्रभाकर सिंह, समाजसेवी बॉबी सिंह, रेड क्रॉस सोसायटी पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह एवं अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में किया गया।
इससे पूर्व वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. बी. पी. सिंह एवं उनकी चिकित्सकीय टीम द्वारा ऑपरेशन कराए गए 36 नेत्र रोगियों की आंखों की पट्टियां खोलकर अंतिम जांच की गई। इसके बाद कार्यकर्ता श्याम कुमार ने मरीजों को ऑपरेशन के बाद आंखों की देखभाल, दवा सेवन और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम की स्मृति को संजोने के लिए सोना देवी यूनिवर्सिटी के चांसलर प्रभाकर सिंह ने विधायक सरयू राय को यूनिवर्सिटी का स्मृति चिन्ह भेंट किया, जबकि डॉ. बी. पी. सिंह ने शॉल ओढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसायटी पूर्वी सिंहभूम के वरीय सदस्य चन्द्रमोहन सिंह, राकेश मिश्र, प्रभुनाथ सिंह, अशोक सिंह, अशोक कुमार घोषाल, साथ ही कार्यकर्ता श्याम कुमार, प्रकाश मिश्र, राजू बिंद, सुनील कुमार सिंह एवं प्रकाशभानु महतो मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
अंत में शिविर संयोजक प्रभाकर सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी चिकित्सकों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया और नेत्र रोगियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना के साथ उन्हें विदा किया।







