दुमका: मसलिया हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, चचेरे भाई की गिरफ्तारी

3 Min Read

Mohit Kumar

दुमका: जिले के मसलिया थाना क्षेत्र में हुए हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला मसलिया थाना कांड संख्या 05/26 (दिनांक 25.01.2026) धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। 24 जनवरी 2026 को वादी बाबुसोल बास्की (उम्र लगभग 29 वर्ष), निवासी हारोरायडीह, थाना मसलिया के फर्दबयान पर अज्ञात अभियुक्त के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मसलिया थाना पुलिस ने जांच तेज की। अनुसंधान के दौरान मृतक चुहापानी हांसदा के चचेरे भाई मनीलाल हांसदा (उम्र लगभग 20 वर्ष), पिता स्वर्गीय अंगा हांसदा, निवासी तालडंगाल, थाना मसलिया को विधिवत छापामारी कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान के अनुसार, हत्या की घटना के दिन वह मृतक चुहापानी हांसदा के साथ चुहड़बुना गांव (जामा) में एक फुटबॉल मैच देखने गया था। वहां दोनों ने साथ बैठकर हड़िया और नाश्ता किया, जिसका भुगतान मृतक ने किया था। मैच समाप्त होने के बाद रात करीब 8 बजे दोनों अपने घर तालडंगाल लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में खर्च किए गए पैसों के हिसाब को लेकर लगभग 100 रुपये को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गया।

विवाद के दौरान आरोपी मनीलाल हांसदा ने गुस्से में आकर लोहे के कड़े (बाला) और पत्थर से चुहापानी हांसदा के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में इलाज के दौरान चुहापानी हांसदा की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगी पत्थर और लोहे का कड़ा (बाला) भी बरामद कर लिया है।

इस पूरे मामले के खुलासे में मसलिया थाना प्रभारी पु0अ0नि0 राजेश रंजन के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। टीम में पु0अ0नि0 अभय कुमार सिंह, स0अ0नि0 मंगल उरांव, हवलदार इस्माईल टुडू, इन्द्रजीत मुर्मू, सहायक आरक्षी 52 जुवाकीम मरांडी तथा चौकीदार 5/6 अजय हांसदा शामिल थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share This Article