सरायकेला-खरसावां, 4 फरवरी 2026।
विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में ग्रामीण समुदायों के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल की शुरुआत की गई। आरएसबी फाउंडेशन की ओर से ‘कैंसर स्क्रीनिंग ऑन व्हील्स’ सेवा के तहत एक अत्याधुनिक मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग यूनिट को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। यह मोबाइल यूनिट दूरदराज़ और पिछड़े इलाकों में रहने वाले लोगों तक कैंसर जांच की सुविधा पहुँचाएगी, जहाँ अस्पताल तक पहुँचना अब भी एक बड़ी चुनौती है।
इस अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिले स्थित आरएसबी ट्रांसमिशन्स (इंडिया) लिमिटेड यूनिट-1 परिसर में आयोजित कार्यक्रम में आरएसबी ट्रांसमिशन्स (इंडिया) लिमिटेड के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री एस. के. बेहरा तथा कंपनी की हेड-सीएसआर एवं आरएसबी फाउंडेशन की निदेशक श्रीमती प्रियंका बेहरा ने संयुक्त रूप से मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
करीब एक वर्ष के अथक परिश्रम, योजना और समन्वय के बाद इस विशेष वैन को आरएसबी यूनिट-1 (गम्हरिया) से औपचारिक रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की सेवा के लिए भेजा गया। इस गौरवशाली अवसर पर आरएसबी ग्रुप के वाइस चेयरमैन एवं समाजसेवी श्री एस. के. बेहेरा, कंपनी की डायरेक्टर एवं सीएसआर प्रमुख सुश्री प्रियंका बेहेरा, श्रीमती जया सिंह, श्री सचीकांत त्रिपाठी, एमटीएमएच के प्रशासनिक प्रमुख श्री अमिताभ चटर्जी, जमशेदपुर कैंसर सोसाइटी की वाइस चेयरपर्सन डॉ. सुजाता मित्रा, रोटरी क्लब के अध्यक्ष श्री अशोक झा सहित श्री अभिजीत मित्रा, श्री कमल अग्रवाल समेत अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
यह मोबाइल यूनिट ‘कैंसर स्क्रीनिंग ऑन व्हील्स’ पहल के अंतर्गत प्रोजेक्ट सम्भावी का हिस्सा है, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय पर कैंसर जांच की सुविधा उपलब्ध कराना है। इस पहल के माध्यम से न केवल कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी, बल्कि प्रारंभिक जांच के ज़रिये जीवन रक्षा को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यदि कैंसर की पहचान प्रारंभिक अवस्था में हो जाए, तो उसके सफल उपचार की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। मोबाइल स्क्रीनिंग यूनिट के माध्यम से उन लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाई जाएँगी, जो आर्थिक, भौगोलिक या सामाजिक कारणों से अस्पताल नहीं पहुँच पाते हैं।
गौरतलब है कि आरएसबी फाउंडेशन “सेवा में विनम्रता” के मूल मंत्र के साथ समाज के स्वास्थ्य, शिक्षा और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। यह परियोजना भी उसी सामाजिक प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर जांच और जागरूकता के माध्यम से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने की दिशा में यह पहल एक सार्थक और प्रेरणादायी प्रयास मानी जा रही है।
साझा प्रयासों की मिसाल बनी पहल
यह परियोजना कॉरपोरेट जगत, सामाजिक संगठनों और स्वास्थ्य संस्थानों के बीच सफल समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। आरएसबी फाउंडेशन, टाटा स्टील फाउंडेशन, एमटीएमएच और रोटरी क्लब के सहयोग से इस विजन को साकार रूप दिया गया है, जिससे ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।





