मरीन ड्राइव बना अपहरण का अड्डा? 13 वर्षीय किशोरी संदिग्ध हालत में बरामद

Raj Sharma
2 Min Read

जमशेदपुर
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मरीन ड्राइव के पास मंगलवार को एक 13 वर्षीय किशोरी को संदिग्ध और लावारिस हालत में सुरक्षित पाया गया। किशोरी को अकेले भटकते देख स्थानीय लोगों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने उससे पूछताछ की और मामले की जानकारी पुलिस को दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोरी मरीन ड्राइव के पास डरी-सहमी अवस्था में घूम रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उसे जबरन उठाकर ले जाने का प्रयास करने लगे, लेकिन आसपास मौजूद लोगों की सतर्कता और शोर-शराबे के कारण दोनों युवक मौके पर बाइक छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किशोरी को सुरक्षित अपने पास रखा और पुलिस को सूचना दी।

किशोरी की पहचान मुसाबनी थाना क्षेत्र के लेपा गांव निवासी के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली है। बड़ी बहन बाहर काम करती है। किशोरी के अनुसार, एक महिला उसे उसकी मां से मिलवाने के बहाने चाईबासा ले गई थी, जहां उस पर जबरन शादी का दबाव बनाया गया। भयभीत होकर वह वहां से भाग निकली और किसी तरह मरीन ड्राइव तक पहुंची।

सूचना मिलने के बाद बिष्टुपुर थाना पुलिस ने किशोरी को अपने संरक्षण में लिया और उसे सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किशोरी के साथ किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या मानव तस्करी का प्रयास तो नहीं किया गया।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी गई। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं शहर में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Share This Article