चांडिल
चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र के पुड़ीसीली गांव में संयुक्त खतियानी भूमि पर कथित अवैध निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मामले में अनुमंडल प्रशासन की निष्क्रियता पर भी गंभीर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बार-बार आवेदन देने के बावजूद एसडीएम स्तर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
जानकारी के अनुसार यह विवाद खाता संख्या 166 एवं प्लॉट संख्या 352 से संबंधित है, जो राजस्व अभिलेखों में रघु सिंह एवं जसोदा सिंह के संयुक्त नाम से दर्ज है। भूमि का अब तक विधिवत बंटवारा नहीं हुआ है। इसके बावजूद आरोप है कि जसोदा सिंह के पुत्र अजित सिंह एवं उनके पुत्र गौर सिंह द्वारा बिना सहमति के जमीन पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
पीड़ित पक्ष ने बताया कि संयुक्त खतियानी भूमि पर निर्माण रोकने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी को लिखित आवेदन दिया गया था, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। बाद में मामले की सूचना कपाली ओपी को दी गई, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों को थाना बुलाकर स्थल निरीक्षण किया और निर्माण कार्य रोकने का निर्देश दिया।
हालांकि आरोप है कि पुलिस के निर्देश के बावजूद अगले दिन पुनः चारदीवारी निर्माण का प्रयास किया गया। पीड़िता बिजली सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें लगातार मौखिक धमकियां दी जा रही हैं, जिससे वे भयभीत हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संयुक्त खतियानी भूमि पर बिना बंटवारे के किया गया निर्माण पूरी तरह अवैध है और प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर कानूनसम्मत कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं, मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग प्रशासन की निष्पक्ष भूमिका की उम्मीद लगाए बैठे हैं।





