नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में प्रतिभा, संस्कृति और नवाचार का भव्य उत्सव
जमशेदपुर। पोखारी स्थित नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘एक्सप्लोर XII 2025’ का दूसरा दिन उत्साह, रचनात्मकता और युवा ऊर्जा से सराबोर रहा। पूरे परिसर में कला, नवाचार और सांस्कृतिक प्रतिभा की अद्भुत झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत रंगारंग फ्लैश मॉब नृत्य से हुई, जिसने पूरे कैंपस को जोश और उमंग से भर दिया। बॉलीवुड गीतों की धुन पर झूमते छात्र-छात्राओं ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और महोत्सव का माहौल जीवंत बना दिया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि, कुलसचिव नागेंद्र सिंह सहित प्रशासनिक, शैक्षणिक एवं विभिन्न विभागों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात छात्राओं द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महोत्सव में एन.एस.पी.एस., अल कबीर पॉलिटेक्निक कॉलेज सहित विभिन्न विद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कैंपस में लगाए गए फूड स्टॉल्स आकर्षण का केंद्र रहे। सोलो डांस, फायरलेस कुकिंग, स्किट और स्काईवॉक जैसी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बनता था।
खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत बालिका वॉलीबॉल में नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओरिएंटल इंस्टीट्यूट के साथ फाइनल में प्रवेश किया।
कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि ने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने युवाओं से इसी जोश के साथ अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का आह्वान किया।
‘एक्सप्लोर XII 2025’ का समापन तीसरे और अंतिम दिन पुरस्कार वितरण समारोह एवं डीजे नाइट के साथ भव्य रूप से किया जाएगा।





