चक्रधरपुर:
चक्रधरपुर रेल मंडल में रविवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया को लेकर निरीक्षण पर निकला विशेष सैलून मेघाहातुबुरु साइडिंग के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि इस घटना में डीआरएम सहित सैलून में सवार सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीआरएम तरुण हुरिया अपने अधिकारियों की टीम के साथ मंडल निरीक्षण कार्यक्रम पर थे। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक तेज झटका लगा, जिससे सैलून कोच रुक गया। जांच करने पर पाया गया कि इंजन से जुड़े सैलून कोच का बफर टूट गया और एक कोच के पहिये आंशिक रूप से पटरी से उतर गए।
घटना के बाद सैलून में मौजूद अधिकारी कुछ देर के लिए सहम गए, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डीआरएम ने अपना निरीक्षण कार्यक्रम तत्काल रद्द कर दिया और सुरक्षित बचे कोचों के माध्यम से चक्रधरपुर लौट आए।
सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी कर्मचारी और स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा दुर्घटनाग्रस्त कोच को पटरी पर लाने एवं मरम्मत कार्य में जुट गए। रेलवे प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों और अधिकारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।





