जमशेदपुर:
शहरी क्षेत्र में मतदाता सूची मैपिंग सुधार हेतु आपसी समन्वय आवश्यक : जिला निर्वाचन पदाधिकारी
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में मतदाता सूची की मैपिंग प्रक्रिया को सुचारू एवं प्रभावी बनाने को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के अंतर्गत छह विधानसभा क्षेत्रों के शहरी इलाकों में मतदाता सूची की मैपिंग की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में मतदाता सूची की मैपिंग में सुधार के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों के बीच बेहतर आपसी समन्वय आवश्यक है। उन्होंने बीएलओ सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) सहित प्री-एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्य में संलग्न सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि वे आगामी एक सप्ताह तक फोकस्ड तरीके से कार्य करें।
उन्होंने विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में क्षेत्रीय पदाधिकारियों को बेहतर रणनीति के साथ फील्ड विजिट करने एवं आंकड़ों के नियमित अद्यतन पर बल दिया। कम मैपिंग वाले क्षेत्रों में पब्लिक आउटरीच कार्यक्रम के माध्यम से सीधे मतदाताओं से संपर्क स्थापित कर मैपिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बीएलओ एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े कर्मियों को प्रोत्साहित करने तथा कार्यों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में अनुपस्थित मतदाताओं की पहचान, ब्लैक एंड व्हाइट अथवा अस्पष्ट फोटोग्राफ वाले मामलों को चिन्हित कर उन्हें अद्यतन करने के भी निर्देश दिए गए। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि अधिक से अधिक सटीक मैपिंग से मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया सरल एवं प्रभावी होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के सुदृढ़ीकरण के लिए सटीक मैपिंग ही एकमात्र प्रभावी विकल्प है। विशेषकर शहरी क्षेत्रों में यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए तथा सभी मतदाताओं की पहचान पूर्ण रूप से सत्यापित हो।
इस क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने पूर्वी सिंहभूम जिले के 47-जुगसलाई (अ.जा.), 48-जमशेदपुर पूर्व एवं 49-जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के सभी निर्वाचकों से अपील की कि वे 2003 एसआईआर में अपना नाम सर्च कर संबंधित बूथ के बीएलओ को जानकारी उपलब्ध कराएं। बीएलओ की सूची https://voters.eci.gov.in पर Book a Call with BLO विकल्प के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि झारखंड राज्य से संबंधित जानकारी के लिए https://ceo.jharkhand.gov.in पर भी सर्च किया जा सकता है। यदि 2003 एसआईआर में नाम झारखंड के बाहर दर्ज हो, तो https://voters.eci.gov.in पर विवरण प्राप्त किया जा सकता है। सर्च में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर टोल फ्री नंबर 1950 / 7992311534 / 7004922797 पर संपर्क कर सहायता ली जा सकती है।
सभी निर्वाचकों से अनुरोध किया गया कि दिनांक 04 जनवरी 2026 तक 2003 एसआईआर की विवरणी उपलब्ध कराकर स्वच्छ, सटीक एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची निर्माण में सहयोग करें।
बैठक में पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी ऑफलाइन एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित थे।





