13 कोषांगों के वरीय व प्रभारी पदाधिकारियों के साथ समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित

Raj Sharma
2 Min Read

जमशेदपुर:

नगरपालिका चुनाव–2026 की घोषणा के उपरांत जिला प्रशासन द्वारा चुनावी तैयारियों को लेकर सक्रियता तेज कर दी गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त  नागेन्द्र पासवान की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सभी 13 कोषांगों के वरीय एवं प्रभारी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त द्वारा चुनाव प्रक्रिया के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को लेकर सभी कोषांगों की भूमिका, उत्तरदायित्व एवं आपसी समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने सभी कोषांग प्रभारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया।

नगरपालिका चुनाव–2026 के सफल आयोजन हेतु कुल 13 कोषांगों का गठन किया गया है, जिनमें निर्वाचन, कार्मिक, मतपत्र, सामग्री, वाहन, विधि-व्यवस्था, हेल्पलाइन एवं जन शिकायत, प्रेक्षक, प्रशिक्षण, मीडिया, निर्वाचन व्यय लेखा, सूचना प्रौद्योगिकी तथा नियंत्रण कक्ष कोषांग शामिल हैं।

बैठक के दौरान निर्देश दिया गया कि कार्मिक कोषांग सभी कोषांगों की आवश्यकता के अनुरूप पदाधिकारी एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करे। प्रशिक्षण कोषांग द्वारा मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, वहीं सामग्री एवं वाहन कोषांग को मतदान दिवस से पूर्व सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

हेल्पलाइन एवं जन शिकायत कोषांग को आम मतदाताओं की समस्याओं के त्वरित निष्पादन हेतु सक्रिय एवं सतर्क रहने को कहा गया। साथ ही अन्य सभी कोषांग प्रभारियों को निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का अक्षरशः अनुपालन करते हुए अपने दायित्वों के निर्वहन के निर्देश दिए गए।

उप विकास आयुक्त ने सभी कोषांग प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद एवं चाकुलिया नगर पंचायत में नगरपालिका चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।

 

Share This Article