चांडिल, सरायकेला-खरसावां।
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत शहरबेड़ा पुल के नीचे सोमवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह के समय स्थानीय लोगों ने पुल के नीचे शव को देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत चांडिल थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान शहरबेड़ा गांव निवासी करमू तंतुबाई के रूप में की गई है। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर जमा हो गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, शव की स्थिति को देखते हुए मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत हादसे में हुई है या इसके पीछे कोई आपराधिक कारण है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक की लहर है, वहीं ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।





