एकजुटता का शक्ति प्रदर्शन: टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की वार्षिक आमसभा में 5225 सदस्यों की ऐतिहासिक भागीदारी

3 Min Read

जमशेदपुर। Tata Motors Workers Union की वार्षिक आमसभा 28 फरवरी 2026, शनिवार को टाटा मोटर्स कंपनी परिसर स्थित पुराने कैंटीन प्रांगण में अपराह्न 1 बजे से आयोजित की गई। आमसभा की अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने की। सभा में बड़ी संख्या में मजदूरों ने उपस्थिति दर्ज कर हस्ताक्षर किए और प्रस्तुत प्रस्तावों का हाथ उठाकर समर्थन किया। उल्लेखनीय है कि इस आमसभा में 5225 सदस्यों की भागीदारी दर्ज की गई, जिसमें महिला कर्मचारियों की भी प्रभावशाली उपस्थिति रही।

मंच पर अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आर.के. सिंह, सलाहकार प्रवीण सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष बी.के. शर्मा एवं अनिल शर्मा, संयुक्त महामंत्री एच.एस. सैनी व अजय भगत तथा कोषाध्यक्ष एम.के. सिंह उपस्थित थे। सभा का संचालन प्रकाश विश्वकर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अनिल शर्मा ने दिया।

आमसभा में वर्ष 2025 के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत कर सर्वसम्मति से पारित किया गया। केंद्र सरकार के चार नए श्रम कानूनों को कार्यकारिणी के निर्णय के अनुरूप यूनियन के संविधान में शामिल करने के प्रस्ताव को भी समर्थन मिला और संशोधन पारित किया गया। सोशल सिक्योरिटी के तहत लाभान्वित दिवंगत मजदूरों की सूची सार्वजनिक करने पर सहमति बनी। नए सदस्यों के आवेदनों को स्वीकृति देते हुए उन्हें यूनियन में शामिल करने का प्रस्ताव पारित किया गया। कंपनी से बर्खास्त कर्मचारियों को पुनर्नियोजन दिलाने तथा मजदूरहित में वेतन समझौता निर्धारित समय सीमा के भीतर कराने के प्रस्तावों को भी आमसभा ने सर्वसम्मति से समर्थन दिया।

महामंत्री आर.के. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ लोगों ने यूनियन को कमजोर करने की कोशिश की, लेकिन मजदूरों की एकजुटता ने संगठन को और मजबूत बनाया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी ग्रेड ऐतिहासिक होगा और मार्च माह में मजदूर हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय सामने आएंगे। उन्होंने 3 मार्च को आयोजित महा रक्तदान शिविर एवं संस्थापक दिवस के अवसर पर टाटा साहब की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में सपरिवार भाग लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष मजदूरों ने 2906 यूनिट रक्तदान कर शहर में मानवता का संदेश दिया।

सलाहकार प्रवीण सिंह ने कहा कि आमसभा में भारी उपस्थिति यूनियन की ताकत को दर्शाती है। उन्होंने मजदूरों से नेतृत्व पर भरोसा बनाए रखने और चट्टानी एकता कायम रखने की अपील की। संयुक्त महामंत्री एच.एस. सैनी ने महिला कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी पर संतोष जताते हुए कहा कि आज महिलाएं कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं, जो संगठन की मजबूती का प्रतीक है।

कार्यक्रम के अंत में दिवंगत मजदूरों की आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में सम्पन्न हुई यह वार्षिक आमसभा संगठन की एकता और मजबूती का प्रभावशाली संदेश देकर समाप्त हुई।

Share This Article