जमशेदपुरः एक बार फिर तेज रफ्तार ने एक की जान ले ली। घटना एमजीएम थाना क्षेत्र के गुरमा गांव के पास उस वक्त हुई जब तेज रफ्तार कार ने फेरी वाले को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक 65 वर्षीय मानिक सेठ गालूडीह का रहने वाला है।
मृतक घर-घर फेरी कर अपना भरण पोषण करता था। आज सुबह वह फेरी करने के लिए ऑटो से जा रहा था। गुरमा गांव के पास जैसे वह ऑटो से उतरा, उसी समय पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस से सहयोग से उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस कार की तलाश में जुट गई है।






