चाईबासा के बड़ाजामदा में युवक की निर्मम हत्या, पत्थर से कुचकर मार डाला गया रवि सांडिल

Raj Sharma
3 Min Read

चाईबासा (झारखंड), 
बड़ाजामदा थाना क्षेत्र के बाई साई बस्ती में 25 वर्षीय रवि सांडिल उर्फ चंडी की दर्दनाक हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी बिंदु जोजो सामंत को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना ने इलाके में सनसनी फैल गई थी और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी।

घटना के अनुसार गुरुवार रात रवि अपने घर की छत पर सो रहा था, तभी किसी विवाद की वजह से आरोपी ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस को घटनास्थल से खून से सना पत्थर और एक चाकू बरामद हुआ, जिसे हत्या में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि मृतक के पिता दुला सांडिल की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। त्वरित जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बिंदु जोजो सामंत को गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पूछताछ में यह भी पता चला कि रवि और आरोपी के बीच पहले से ही किसी बात को लेकर झगड़ा और मारपीट हो चुकी थी, जिसके चलते दोनों में रंजिश पनपी थी।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हत्या के पीछे यही पुराना विवाद मुख्य कारण रहा होगा। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के समय काफी आवाज़ें सुनाई दीं और बाद में रवि का खून से लथपथ शव मिला, जिससे इलाके में भय का माहौल बन गया।

चाईबासा पुलिस ने बताया कि आरोपी को चाईबासा जेल भेज दिया गया है और मामले की और गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी रखी जाएगी और यदि आवश्यक हुआ तो अन्य सहयोगियों की भी पहचान कर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से संबंधित कोई भी जानकारी हो तो स्थानीय थाने से साझा करें, ताकि न्याय की प्रक्रिया और तेज़ हो सके।

 

Share This Article