जमशेदपुर
सरायकेला-खरसांवा जिले के चौका थाना क्षेत्र में एक दिल दहलाने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने दूसरे पति की हत्या कर दी। इतना ही नहीं दूसरे पति की हत्या के बाद भागकर वह एक बार फिर से अपने पहले पति के पास लौट गई थी। हालांकि घटना के बाद पुलिस ने महिला को अरेस्ट कर लिया।
चांडिल एसडीपीओ संजय सिंह ने बताया कि ईचागढ़ थाना क्षेत्र के तुता निवासी प्रीतम बंसीयार अपनी दूसरी पत्नी पूर्णिमा देवी के साथ चौका के रूगड़ी में किराए के मकान में रहता था। दोनों वहीं रहकर काम करते थे। पुलिस के मुताबिक दोनों साथ में शराब पीते थे और हमेशा दोनों के बीच झगड़ा होता रहता था।
इसी क्रम में 11 मार्च को हुए झगड़े के बाद पूर्णिमा ने दउली से मारकर अपने पति प्रीतम की हत्या कर दी। हत्या के बाद वह फरार हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और इस क्रम में पूर्णिमा को सरायकेला-खरसांवा के ईचागढ़ थानान्तर्गत पाटपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। वहां वह अपने पहले पति मंगल सिंह मुंडा के साथ रह रही थी। इस मामले का खुलासा करने में चौका थाना प्रभारी धर्मराज कुमार, ईचागढ़ थाना प्रभारी दिनेश ठाकुर सहित अन्य का योगदान रहा।
न्यूज में अपडेट बने रहने के लिए ज्वॉइन करे व्हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/EuMSt3p6ucp07jn5mACXRX