Mohit Kumar
दुमका : दुमका जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र के पतसारा गांव में देर रात अगरबत्ती फैक्ट्री में आग लग गई। इस आगजनी में फैक्ट्री में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। अगलगी की इस घटना में लाखों के नुकसान हो जाने का अनुमान लगाया जा रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जरमुंडी पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस के साथ ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि इस बीच सारा सामान जलकर राख हो चुका था। आग लगने के कारणों के बारे में कुछ भी पता नहीं चल सका है।
पीड़ित मुरलीधर मंडल ने बताया कि बैंक से लोन लेकर उसने अगरबत्ती फैक्ट्री का कारोबार शुरू किया था। देर रात अचानक सूचना मिली कि फैक्ट्री में आग लग गई है। ग्रामीणों एवं दमकल की टीम के सहयोग से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन अगरबत्ती बनाने की मशीन सहित कच्चा माल जलकर राख हो गया। उन्होंने बताया कि 2 दिन पूर्व 5 लाख रुपये का अगरबत्ती बनाने की सामग्री खरीद कर लाया था। इसके साथ ही पूर्व से भी कच्चा एवं तैयार माल रखा हुआ था जो आग की भेंट चढ़ गया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है।