Mohit Kumar
दुमका: भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय डंगालपाड़ा, दुमका में रविवार को संगठनात्मक विषयों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष ने की। बैठक में संगठन पर्व के तहत चल रही चुनाव प्रक्रिया के अंतर्गत नामांकन के बाद विधिवत रूप से मंडल अध्यक्षों एवं मंडल प्रतिनिधियों की आधिकारिक घोषणा की गई।
बैठक के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने तथा बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर दुमका जिला चुनाव अधिकारी श्री शैलेन्द्र सिंह, पूर्व सांसद श्री सुनील सोरेन, जरमुंडी विधायक श्री देवेंद्र कुंवर एवं जिला चुनाव सह अधिकारी श्री बबलू मंडल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
दुमका जिला चुनाव अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने विधिवत रूप से मंडल अध्यक्षों एवं मंडल प्रतिनिधियों के नामों की घोषणा की। घोषणा के उपरांत सभी नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों एवं मंडल प्रतिनिधियों का माला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर जिला चुनाव अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि संगठन पर्व के अंतर्गत मंडल अध्यक्ष एवं मंडल प्रतिनिधियों का चयन पूरी तरह लोकतांत्रिक, पारदर्शी और संगठनात्मक परंपराओं के अनुरूप किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनियुक्त पदाधिकारी संगठन को मजबूती देने के साथ-साथ पार्टी की विचारधारा और कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन कार्यकर्ताओं की शक्ति और समर्पण पर आधारित है। मंडल स्तर पर मजबूत नेतृत्व से पार्टी को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलेगी।
वहीं जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर ने कहा कि मंडल अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि संगठन की रीढ़ होते हैं। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन हित में अनुशासन, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में जिला पदाधिकारी, सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रतिनिधि एवं पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।






