चार की हालत गंभीर, गांव में मचा हड़कंप
केसों नारायणपुर पंचायत के नायर गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो अचानक सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसी। इस हादसे में दुकान के अंदर और बाहर मौजूद आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिनमें से चार लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन काफी तेज गति में थी। चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद गाड़ी सीधे दुकान में घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वहां मौजूद लोग वाहन की चपेट में आ गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र और गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि चालक से पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
इस घटना के बाद नायर गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव के मुख्य मार्ग पर स्पीड कंट्रोल के उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके





