Mohit Kumar
दुमका: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी द्वारा दिए जा रहे समन और पूछताछ को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं में काफी नाराजगी है। इसके विरोध में आज झारखंड मुक्ति मोर्चा ने दुमका में बंदी की और झामुमो का यह बंद पूरी तरह सफल रहा।
बता दें कि ईडी के द्वारा झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ की जा रही लगातार कारवाई के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। उन्होंने दुमका बाजार बंद करा दिया है। झामुमो कार्यकर्ताों ने हाथ में पार्टी का झंडा लेकर शहर के सभी इलाकों में घूम घूम कर व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को बंद कराया।
झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला प्रवक्ता अब्दुल सलाम अंसारी ने कहा कि कुछ दिन पहले जब ईडी ने मुख्यमंत्री आवास पर हेमंत सोरेन से लंबी पूछताछ कर ली थी, तो फिर नया समन क्यों दिया गया। उनका कहना है कि हेमंत सोरेन को विकास कार्यों से रोका जा रहा है। ऐसे में हम लोग चुप बैठने वाले नहीं हैं। अंसारी ने कहा कि आज सांकेतिक रूप से बाजार बंद कराया गया है। कहा कि अगर हेमंत सोरेन को अपमानित और प्रताड़ित किया जाएगा तो चक्का जाम करने के साथ ही आर्थिक नाकेबंदी की जाएगी।