आदित्यपुर
आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मांझी टोला में गुरुवार देर रात दो आपराधिक गुटों के बीच हुए गैंगवार में जमकर गोलीबारी हुई। हमले का निशाना कुख्यात अपराधी आशीष दीप था, हालांकि वह बाल-बाल बच गया। फायरिंग के दौरान उसका साथी राजवीर सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने करीब सात राउंड फायरिंग की। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में दुबक गए। घायल राजवीर सिंह को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह वारदात पुरानी जेल रंजिश का नतीजा है। बताया जा रहा है कि सरायकेला-खरसावां जेल में पहले हुए विवाद के बाद से दोनों गुटों के बीच तनाव बना हुआ था, जो अब खुले टकराव में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा तैनात कर दी गई। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन संदिग्धों की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।





