पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा ने बैठक कर लिया निर्णय, लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी खड़ा करने पर होगा विचार

4 Min Read

Mohit Kumar

दुमकाः पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा संताल परगना की एक बैठक केंद्रीय अध्यक्ष असीम मंडल की अध्यक्षता में बंदरजोरी में हुई। बैठक में मुख्य रूप से पिछड़ा वर्ग के हक और अधिकार विषय पर चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने जातिगत जनगणना कराकर पिछड़ों को आबादी के हिसाब से आरक्षण की व्यवस्था करने की प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक के बाद राज्य के पूर्व मंत्री और ओबीसी समाज के नेता लालचंद महतो के निधन पर शोक सभा का आयोजन कर उनकी आत्मा की शांति के लिए 2 मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

केंद्रीय अध्यक्ष असीम मंडल ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में मोर्चा की ओर से प्रत्याशी खड़ा करने या पिछड़ा वर्ग से आने वाले मोर्चा की मांगों का समर्थन करने वाले प्रत्याशी को समर्थन देने के विषय पर गहन विचार विमर्श किया गया। बैठक में कुछ दिनों बाद एक वृहद बैठक करने आगे की रणनीति का खुलासा करने पर भी सहमति बनी। उन्होंने कहा कि लालचंद महतो के निधन से पूरा पिछड़ा समाज मर्माहत है। उन्होंने झारखंड गठन के बाद से ही पिछड़ा वर्ग के अधिकार के लिए बहुत संघर्ष किया था। कहा गया कि वे झारखंड में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के एक मात्र ऐसे नेता थे, जो हमेशा समाज को एकजुट करने के लिए प्रयत्नशील रहे।

प्रधान महासचिव डॉ अमरेन्द्र कुमार यादव ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में पिछड़ा वर्ग संघर्ष पिछड़ा वर्ग के साथ झारखंड में हो रहे भेदभाव पर वोट की चोट करने हेतु गंभीरता से विभिन्न दलों के एजेंडों और घोषणा पत्र का अध्ययन कर आगे की रणनीति तैयार करने हेतु ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर आम लोगों की राय के आधार फैसला लेने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि झारखंड में पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा के प्रणेता पूर्व मंत्री लालचन्द महतो के निधन से पिछड़ा वर्ग समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। वर्तमान समय में आंदोलन जोर पकड़ रहा है और इस समय उनका निधन हो जाने से ओबीसी आंदोलन पर भी प्रभाव पड़ा है।

पिछड़ा वर्ग के प्रदेश महासचिव पप्पू यादव और महासचिव रंजीत जायसवाल ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके साथ बिताए गए लम्हों को याद करते हुए कहा कि वे एक ऐसे समाजवादी नेता थे, जो पिछड़ा वर्ग के लिए आजीवन संघर्ष करते रहे। मोर्चा की और से बाबा साहब डॉ भीम राव अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल को मनाने का निर्णय लिया गया और उसी दिन अपने अधिकार के लिए संकल्प लेने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में बृद्धिजीवी मंच के शिवनारायण दर्वे, उपाध्यक्ष इन्द्रकांत दर्वे, कोषाध्यक्ष अजित कुमार मांझी, जयकांत कुमार, दशरथ मांझी, प्रदीप कुमार, अरुण पंजियारा, पवित्र कुमार मंडल, संजय जायसवाल, आनंदी राउत, संजय कुमार, सुबोध यादव, मृत्युंजय यादव, नारायण वैद्य, जियाधार मंडल, जगबंधु मंडल, गणेश चंद्र महतो, अफरोज आलम, मोजीव अंसारी, राजेंद्र महतो सहित अन्य मौजूद थे। बैठक में कई लोगों ने सदस्यता शुल्क जमा कर मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की।

Share This Article