रांची लोकसभा से भाजपा होने जा रही है तड़ीपार : सुप्रीयो भट्टाचार्य

2 Min Read

K. Durga Rao

चांडिल: रांची लोकसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने के साथ ही प्रत्याशियों ने भी नामांकन दाखिल करने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न विधानसभा एवं प्रखंडों में कार्यालय खोलने का सिलसिला शुरू हो चुका है। इसी कड़ी में आज चांडिल डैम रोड स्थित सनसिटी कॉलोनी में कांग्रेस का चुनावी कार्यालय खोला गया। रांची लोकसभा की कांग्रेस प्रत्याशी यशस्विनी सहाय चांडिल पहुंची थी। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, विधायक सविता महतो, झामुमो केंद्रीय प्रवक्ता सुप्रीयो भट्टाचार्य, जिलाध्यक्ष डॉ सुभेंदु महतो, झामुमो केन्द्रीय सदस्य पप्पू वर्मा, कांग्रेस से सरवर आलम, रजिया सुल्ताना, उपेन्द्र गिरी व राजद के अर्जुन प्रसाद यादव, गाजू साव समेत इंडिया गठबंधन के सैकड़ों नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

कार्यालय उद्घाटन के मौके पर झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सुप्रीयो भट्टाचार्य ने दावा किया कि सरायकेला–खरसावां जिले में इंडिया गठबंधन काफी मजबूत है और रांची लोकसभा समेत खूंटी और सिंहभूम सीट पर इंडिया गठबंधन बड़ी जीत हासिल करेगी। उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि रांची लोकसभा में इंडिया गठबंधन प्रत्याशी यशस्विनी सहाय की जीत सुनिश्चित करने के लिए गठबंधन के सभी दलों ने कमर कस ली है। सुप्रीयो भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखना बंद करे। रांची लोकसभा से भाजपा तड़ीपार होने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन राज्य के स्थानीय मुद्दों के साथ साथ राष्ट्रीय मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है।संविधान की रक्षा, आदिवासियों की रक्षा, लोकतंत्र की रक्षा के लिए इंडिया गठबंधन यह चुनाव लड़ रही हैं। वहीं, विधायक सविता महतो ने भी रांची लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी यशस्विनी सहाय की जीत का दावा किया।

रांची लोकसभा से इंडिया गठबंधन प्रत्याशी यशस्विनी सहाय ने शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जीत के बाद ईचागढ़ विधानसभा में महिला कॉलेज खोलने की बात कही। सुश्री सहाय का मानना है कि महिला के शिक्षित होने से एक स्वस्थ समाज का निर्माण होगा।

Share This Article