जमशेदपुर : टाटा स्टील की जमशेदपुर इकाई में आज सुबह एक जोरदार ब्लास्ट के बाद अफरा-तफरी की स्थिति मच गई। घटना शनिवार की सुबह करीब 10.30 बजे कोक प्लांट में घटी। जानकारी के मुताबिक कोक प्लांट में जोरदार ब्लास्ट के बाद वहां आग लग गई। इसके बाद गैस रिसाव शुरू हो गया। ब्लास्ट की आवाज से अन्य कर्मचारी भी भयभीत हो गए और आरएमएम, सिंटर प्लांट वन और टू में भी अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना के बाद तत्काल जगह खाली करा दिया गया और सभी कर्मचारियों को सुरक्षित जगह पर ले जाया गया।
बताया जाता है कि आग लगने के बाद तत्काल टाटास्टील फायर ब्रिगेड के दमकल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। जानकारी के मुताबिक इस पूरे घटनाक्रम के दौरान एक टेका मजदूर चोट लगने से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया है।
मामले में टाटा स्टील ने बयान जारी कर घटना के संबंध में अपना पक्ष रखा है। कंपनी के मुताबिक सनिवार सुबह करीब 10:20 बजे, जमशेदपुर वर्क्स में कोक प्लांट स्थित बैटरी 6 के फाउल गैस लाइन में ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट के कारण बैटरी 6 ने काम करना बंद कर दिया है और अब इसे बदलने की प्रक्रिया चल रही है। कहा गया कि घटना के बाद एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंची। इसके साथ ही घटनास्थल पर किसी के जाने पर रोक लगा दी गई है। कंपनी के मुताबिक स्थिति पर नियंत्रण पाया जा चुका है।
कंपनी के मुताबिक इस घटना में 2 ठेका मजदूरों को मामूली चोट आयी है। दोनों को टीएमएच भेजा गया है। इसके साथ ही एक अन्य मजदूर ने सीने में दर्द की शिकायत की, जिसे भी टीएमएच भेजा गया। उनकी स्थिति स्थिर है।