दुमका में मां-बेटी के शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस

2 Min Read

Mohit Kumar

दुमका : नगर थाना क्षेत्र के वीर कुंवर सिंह चौक स्थित सदर आरक्षी निरीक्षक कार्यालय के पिछले बरामदे से एक अर्धविक्षिप्त महिला और उसकी लगभग 6 वर्षीय बेटी का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों के नाक और मुंह से खून निकल रहा था, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

बताया जाता है कि मंगलवार सुबह मॉर्निंग वॉक से लौट रहे लोगों ने बरामदे पर करीब 30 वर्षीय महिला और बच्ची का शव पड़ा देखा। स्थानीय लोगों के अनुसार महिला पिछले कुछ दिनों से इसी इलाके में भटकती दिखाई देती थी और कभी-कभी उसके साथ एक दिव्यांग व्यक्ति भी नजर आता था। महिला की पहचान और उसके बारे में विस्तृत जानकारी फिलहाल किसी के पास नहीं है, लेकिन दोनों के साथ रहने से उनके मां-बेटी होने की बात सामने आ रही है।

सूचना मिलते ही नगर थाना की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला और बच्ची की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है।

इस संबंध में दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने फोन पर बताया कि घटना की जानकारी मिली है, पुलिस मौके पर जांच कर रही है और छानबीन के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Share This Article