जवान को कार से कुचलने का केस: कदमा से तीन गिरफ्तार

Raj Sharma
2 Min Read

जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत टोल ब्रिज गोलचक्कर के पास ड्यूटी पर तैनात एक जवान को कार से कुचलने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

घटना 3 जनवरी की देर रात की है, जब जवान हीरालाल महतो अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचलने की कोशिश की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन किया और सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों व गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमनदीप सिंह, अंकित मुखी और आदित्य मुखी के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की मारुति सुजुकी डिज़ायर कार भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और मामले में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Share This Article