गृह मंत्रालय की रैंकिंग में चौका थाना देश में चौथे स्थान पर, झारखंड का बना सर्वश्रेष्ठ थाना

Raj Sharma
2 Min Read

सरायकेला-खरसावाँ
गृह मंत्रालय, भारत सरकार (MHA) द्वारा जारी Ranking of Police Stations 2025 की वार्षिक रिपोर्ट में सरायकेला-खरसावाँ जिले के चौका थाना ने पूरे देश में चौथा स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। इसके साथ ही चौका थाना को झारखंड राज्य का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना घोषित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि गृह मंत्रालय द्वारा प्रत्येक वर्ष देशभर के सभी राज्यों के पुलिस थानों का व्यापक सर्वेक्षण कर रैंकिंग जारी की जाती है। इस रैंकिंग की घोषणा हर साल आयोजित होने वाले DGsP/IGsP Conference में की जाती है, जिसमें देश के शीर्ष 10 पुलिस थानों का चयन किया जाता है।

वर्ष 2025 की रैंकिंग प्रक्रिया के तहत पुलिस स्टेशनों के CCTNS डेटाबेस, अपराध के आँकड़े, महिलाओं एवं कमजोर वर्गों के विरुद्ध अपराध, थाने का बुनियादी ढाँचा, नागरिकों की प्रतिक्रिया, स्वच्छता, आईटी संसाधन, फोरेंसिक सुविधाएँ, पुलिस संचार व्यवस्था, डिजिटल रिकॉर्ड, प्रोएक्टिव पहल, पुलिसकर्मियों का आमजन के प्रति व्यवहार, दर्ज मामलों का निष्पादन एवं चार्जशीटिंग दक्षता जैसे अनेक मानकों पर स्वतंत्र एजेंसी द्वारा ग्राउंड सर्वे किया गया।

इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चौका थाना ने देशभर के 18 हजार से अधिक पुलिस थानों में से चौथा स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि सरायकेला-खरसावाँ पुलिस के अनुशासन, कार्यकुशलता और “सेवा ही लक्ष्य” के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने तत्कालीन थाना प्रभारी बजरंग महतो सहित चौका थाना में पदस्थापित सभी अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल चौका थाना बल्कि पूरी झारखंड पुलिस के लिए गर्व का विषय है। यह सम्मान जिले की पुलिस टीम के समर्पण, कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट सेवा का परिणाम है।

पुलिस अधीक्षक ने आगे कहा कि यह रैंकिंग पुलिस को और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देती है तथा सरायकेला-खरसावाँ पुलिस भविष्य में भी सेवा ही लक्ष्य के सिद्धांत पर कार्य करते हुए नागरिकों को और अधिक सुदृढ़ एवं भरोसेमंद पुलिसिंग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

Share This Article