घाटशिला: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा कि घाटशिला में होने वाले 45 घाटशिला अनुसूचित जाति विधानसभा उपचुनाव 2025 के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र को मॉडल बूथ के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी केंद्रों पर बिजली, पानी, रैंप, शौचालय और दिव्यांग जनों के लिए सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने घाटशिला अनुमंडल सभागार में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उपचुनाव की तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में पूर्ण पारदर्शिता और त्रुटि रहित प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रत्येक दिशा निर्देश का पालन अक्षरशः किया जाना चाहिए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदान प्रक्रिया को सुचारु और सटीक बनाने के लिए सभी अधिकारियों को आयोग के दिशानिर्देशों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया और कहा कि प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें क्या करें और क्या न करें की जानकारी स्पष्ट रूप से दी जाए।
उन्होंने बताया कि ऐसे दिव्यांग मतदाता जिनकी संख्या 40 प्रतिशत से अधिक है और 85 वर्ष से अधिक आयु वाले वरिष्ठ मतदाता यदि चाहें तो सक्षम ऐप या बीएलओ के माध्यम से घर से मतदान कर सकते हैं। जो मतदाता केंद्र पर आना चाहते हैं उनके लिए वाहन, व्हीलचेयर, रैंप और सहायकों की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने ईवीएम मतपत्र में बदलाव किए हैं। अब प्रत्येक उम्मीदवार का रंगीन फोटो, नाम और क्रम संख्या बड़े अक्षरों में अंकित होंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्य आयोग के निर्देशों के अनुरूप पूरा किया जाए।
उन्होंने स्वीप कार्यक्रम पर जोर देते हुए कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाताओं को शिक्षित और प्रेरित किया जाए। जिन मतदान केंद्रों पर पहले कम मतदान हुआ था वहां विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी कोषांगों की समीक्षा की जिनमें इलेक्शन पर्सनल ट्रेनिंग, लॉ एंड ऑर्डर, स्ट्रांग रूम, आईटी एप्लिकेशन, वेबकास्टिंग, स्वीप एक्टिविटी और ईसीआईनेट शामिल थे।
लॉ एंड ऑर्डर की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी चेकपोस्टों पर सघन निगरानी रखने के निर्देश दिए। सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों के आवागमन, संदिग्ध धन लेनदेन और आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
इस अवसर पर आईजी ऑपरेशन झारखंड माइकल राज, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, डीआईजी धनंजय कुमार, डीआईजी पुलिस मुख्यालय अश्विन कुमार, डीआईजी कोल्हान अनुरंजन किस्पोट्टा, एसएसपी पूर्वी सिंहभूम पीयूष पांडेय, ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार और देव दास दत्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





