पटमदा। सड़क निर्माण परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण के बावजूद वर्षों से मुआवजा नहीं मिलने से परेशान रैयतों की समस्या को लेकर जेएलकेएम के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित ग्रामीणों के साथ झारखंड राज्य के महामहिम राज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए लंबित मुआवजा राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बेलटाड़ (पूर्वी सिंहभूम) से रघुनाथपुर (सरायकेला-खरसावां), भुईयांसिनान से रसिकनगर, सुसनी, भादुडीह, बोंटा, सातनाला, बोड़ाम होते हुए माधवपुर (पश्चिम बंगाल सीमा) तक जाने वाली सड़कों के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण किया गया था। इन परियोजनाओं से प्रभावित कई परिवारों को अब तक उनका उचित मुआवजा नहीं मिल पाया है, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से जेएलकेएम प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि इस गंभीर विषय पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं, ताकि लंबित मुआवजा राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित हो सके।
महामहिम राज्यपाल ने पूरे मामले को गंभीरता से सुना और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जेएलकेएम के केंद्रीय संयुक्त महासचिव देवव्रत महतो, जिला प्रवक्ता सुब्रत महतो, प्रखंड अध्यक्ष सुभाष चन्द्र महतो, अरुण गोप, मंगल महतो, सीताराम सिंह, मृत्युंजय महतो, मनोहर गोप, नन्दलाल गोप, वीर सिंह, प्रदीप महतो, गोपाल महतो, संदीप कुमार, प्रसेनजीत कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।





