कांग्रेस और इंडी गठबंधन की नजर अब आपकी कमाई पर है, आपकी संपत्ति पर है: उदय प्रताप सिंहदेव

2 Min Read

K. Durga Rao

खरसावां : खरसावां राजमहल परिसर में भाजपा की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर जमकर हमला बोला। भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन की नजर अब आपकी कमाई पर है, आपकी संपत्ति पर है। आपकी संपत्ति पर कांग्रेस अपना पंजा मारना चाहती है। किसके पास कितनी प्रोपर्टी है, किसके पास कितना धन है, किसके पास कितने मकान हैं, कांग्रेस सरकार उसकी जांच कराएगी। यह जो संपत्ति है उनको सरकार अपने कब्जे में लेकर सभी को बांट देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार देश में बनी तो यह लोगों के मंगलसूत्र सोने चांदी भी लूट लेगी। कांग्रेस के लोगों के इरादे एक-एक कर लोगों के सामने खुलकर आने लगे हैं। इतना ही नहीं ये लोग आपके मां-बाप की संपत्ति पर टैक्स लगाने की तैयारी कर रहे हैं। उदय सिंहदेव ने कहा कि इन परिवारवादी लोगों ने देश को लूटकर अपना इतना साम्राज्य बना लिया है कि देश को कुछ नहीं दिया। जनता के धन को लूटना, देश को लूटना ही कांग्रेस अपना जन्म सिद्ध अधिकार समझती है।

प्रधानमंत्री ने सही ही कहा है, यही कांग्रेस की नीति और उनके घोषणा पत्र का हिडेन एजेंडा है। कांग्रेस का घोषणापत्र 2024 स्पष्ट है। इसमें विशेष रूप से कहा गया है कि कांग्रेस जातियों और उप-जातियों और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थितियों की गणना करने के लिए एक राष्ट्रव्यापी सामाजिक-आर्थिक और जाति जनगणना आयोजित करेगी। आंकड़ों के आधार पर सकारात्मक कार्रवाई के एजेंडे को मजबूत किया जाएगा। इसके अलावे कांग्रेस पर लोगों को बांटने का आरोप भी लगाया। इस दौरान मुख्य रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष उदय सिंहदेव, सांसद प्रतिनिधि विजय महतो, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष रामनाथ महतो, दुलाल संवासी, प्रदीप सिंहदेव आदि उपस्थित थे।

Share This Article