रांची, 4 अक्टूबर 2025: झारखंड कांग्रेस में एक बार फिर फेरबदल की कैंची चली है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने 25 जिलों के नए जिला अध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। एआईसीसी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी इस लिस्ट में कुछ पुराने चेहरों की वापसी हुई है तो कई नए चेहरों को भी मौका मिला है।
नई सूची के मुताबिक, बोकारो से जवाहर लाल मेहता, चतरा से चन्द्रदेव गोपे, देवघर से मुकुंद दास, धनबाद से संतोष कुमार सिंह, और दुमका से स्टीफन मरांडी को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं पूर्वी सिंहभूम से परविंदर सिंह, गिरिडीह से सतीश केडिया, गोड्डा से याहया सिद्दीकी, गुमला से रजनील टीगा, और हज़ारीबाग से जे.पी. पटेल को जिम्मेदारी दी गई है।
महिला नेतृत्व को भी प्राथमिकता दी गई है। जामताड़ा से दीपिका बेसरा, पलामू से बिमला कुमारी, और रामगढ़ से ममता देवी को अध्यक्ष बनाया गया है। इसी तरह रांची महानगर की कमान कुमार राजा को दी गई है, जबकि ग्रामीण क्षेत्र की बागडोर सोमनाथ मुंडा के हाथों में सौंपी गई है।
इसके अलावा खूँटी से रवि मिश्रा, कोडरमा से प्रकाश राजक, लातेहार से क़मेश्वर यादव, लोहरदगा से सुखैर भगत, पाकुड़ से श्रीकुमार सरकार, साहिबगंज से बरकतुल्लाह खान, सरायकेला-खरसावां से राज बागची, सिमडेगा से भूषण बाड़ा, और पश्चिम सिंहभूम से रंजन बोयपोय को जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
कांग्रेस पार्टी का कहना है कि इस नई टीम के नेतृत्व में जमीनी स्तर पर संगठन को और मज़बूती मिलेगी तथा आने वाले चुनावों में पार्टी को नई ऊर्जा और दिशा प्राप्त होगी। हालांकि राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि क्या यह फेरबदल कांग्रेस की सियासी हालत में सुधार ला पाएगा या यह सिर्फ़ चेहरों की अदला-बदली बनकर रह जाएगा।






