धोनी एक सच्चा जेंटलमैन क्रिकेटर, मैदान के अंदर और बाहर जेंटलमैनशिप को दिया बढ़ावा
जमशेदपुर: मास्टर क्रिकेट 60 प्लस क्रिकेटर्स क्वालीफायर एवं पुरस्कार वितरण समारोह के अवसर पर 1983 विश्व कप विजेता भारतीय टीम के दिग्गज विकेटकीपर सैयद किरमानी जमशेदपुर पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने क्रिकेट से जुड़े कई अहम मुद्दों पर खुलकर बातचीत की और कपिल देव की कप्तानी में भारत को पहला विश्व कप दिलाने वाली ऐतिहासिक टीम के रोचक किस्से साझा किए।
सैयद किरमानी ने कहा कि 1983 के विश्व कप के दौरान भारतीय टीम में कोई एक सुपरस्टार नहीं था, बल्कि सभी खिलाड़ी एकजुट होकर खेले। उन्होंने बताया कि उस समय कप्तान कपिल देव ने टीम से कहा था कि हम अपने सीनियर्स और आपसी सहयोग के बल पर मैच जीतेंगे। पहली जीत के बाद टीम का आत्मविश्वास लगातार बढ़ता गया और फिर खिलाड़ियों ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उसी एकजुटता और विश्वास ने भारत को विश्व चैंपियन बनाया।
क्रिकेट के वर्तमान स्वरूप पर चर्चा करते हुए किरमानी ने कहा कि आज के दौर में क्रिकेटर्स पहले से कहीं बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और क्रिकेट के हर फॉर्मेट में भारत की स्थिति मजबूत है। उन्होंने महिला क्रिकेट की भी जमकर सराहना करते हुए कहा कि वह महिला क्रिकेट के बड़े प्रशंसक बन चुके हैं और उनका लगभग हर मैच देखते हैं। महिला क्रिकेटर्स का समर्पण और खेल का स्तर काबिले-तारीफ है।
पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर बात करते हुए सैयद किरमानी ने कहा कि क्रिकेट को आगे बढ़ाने में धोनी का अहम योगदान रहा है। उन्होंने धोनी को एक सच्चा जेंटलमैन क्रिकेटर बताया और कहा कि उन्होंने मैदान के अंदर और बाहर जेंटलमैनशिप को बढ़ावा दिया है। किरमानी ने कहा कि वह महेंद्र सिंह धोनी के जबरदस्त फैन हैं और भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
मास्टर क्रिकेट 60 प्लस क्वालीफायर के आयोजन में सैयद किरमानी की मौजूदगी से खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया और क्रिकेट के प्रति जुनून को नई ऊर्जा मिली।






