झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव 2025 में दिव्य रत्न को जिला एवं प्रखंड स्तरीय आईसीटी चैंपियनशिप में प्रथम पुरस्कार
जमशेदपुर : झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव 2025 के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय आईसीटी चैंपियनशिप में पूर्वी सिंहभूम जिले की छात्रा “दिव्य रत्न” ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम में आयोजित सम्मान समारोह में जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने दिव्य रत्न को स्वर्ण पदक, स्मार्ट वॉच एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इसके साथ ही प्रखंड स्तरीय आईसीटी चैंपियनशिप में भी प्रथम स्थान हासिल करने पर पूर्वी सिंहभूम जिला शिक्षा विभाग कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिव्य रत्न को रजत पदक, एक स्कूल बैग एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

दिव्य रत्न (Divya Ratna) सीएम स्कूल फॉर एक्सीलेंस, साकची की 11वीं कक्षा की छात्रा है। उल्लेखनीय है कि झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव 2025 के तहत आयोजित राज्य स्तरीय आईसीटी चैंपियनशिप का अंतिम परिणाम अभी घोषित होना बाकी है। इसके अलावा विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए उन्हें कांस्य पदक एवं प्रमाण पत्र भी मिलना शेष है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी दिव्य रत्न ने अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए जिला स्तरीय कला उत्सव में संगीत एकल गायन प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया था।
सीएम स्कूल फॉर एक्सीलेंस की प्राचार्या मंजू सिन्हा ने दिव्य रत्न को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि दिव्य रत्न राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा पहली बार इस प्रकार के ई-शिक्षा महोत्सव का आयोजन किया गया है और विद्यालय को अपनी छात्रा की इस उपलब्धि पर गर्व है।

वहीं विद्यालय के कंप्यूटर शिक्षक ऋषिकेश कुमार पाठक ने बताया कि दिव्य रत्न न केवल संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट है, बल्कि पढ़ाई में भी हमेशा अव्वल रहती है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उल्लेखनीय है कि दिव्य रत्न, डॉ. राजेश कुमार लाल दास (दूरदर्शन संवाददाता) एवं कुमारी किरण की सुपुत्री हैं। वे आकाशवाणी और दूरदर्शन की कलाकार भी हैं और संगीत के क्षेत्र में निरंतर प्रगति करते हुए नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं।






