रांची:
जम्मू‑कश्मीर के डोडा जिले में हुए सड़क हादसे में शहीद हुए भारतीय सेना के जवानों के पार्थिव शरीर शुक्रवार देर रात रांची पहुँचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सेना, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी।
इस मौके पर झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, सेना के वरिष्ठ अधिकारी और जिला प्रशासन के उच्च पदाधिकारी मौजूद थे। वित्त मंत्री ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश की रक्षा में किया गया सर्वोच्च बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा और राज्य सरकार शहीदों के परिजनों के साथ हर संभव मदद करेगी।
घटना 22 जनवरी को डोडा के भादरवाह‑चम्बा राजमार्ग पर हुई थी, जब सेना वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में 10 जवान शहीद और 11 अन्य घायल हुए थे। सभी जवान ऑपरेशनल ड्यूटी के लिए जा रहे थे।
शहीदों में रांची के अजय लकड़ा और पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के प्रद्युम्न लोहारा शामिल हैं। खराब मौसम के कारण विमान सेवा में देरी हुई, लेकिन देर रात उनके पार्थिव शरीर रांची पहुँचे। शनिवार सुबह उनका पार्थिक शरीर उनके पैतृक गांवों में अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जाएगा।
एयरपोर्ट परिसर कुछ देर के लिए “भारत माता की जय” और “शहीद अमर रहें” जैसे नारों से गूंज उठा, और पूरे राज्य में वीर जवानों के बलिदान पर गहरा शोक और गर्व देखने को मिला।





