जमशेदपुरः सरकारी स्कूलों में समय को लेकर शिक्षकों और अभिभावकों में आक्रोश उत्पन्न हो रहा है, साथ ही छोटे बच्चों को भी इससे परेशानी हो रही है। बताया जाता है कि इससे पहले तक स्कूलों की समय सारिणी ठीक रही थी, लेकिन वर्तमन सत्र 2022-23 में समय सारिणी को ठीक विपरित कर दिया गया है, जिससे शिक्षकों में नाराजगी झलक रही है।
मामले में अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने उपायुक्त को पत्र लिखकर मामले में ध्यान देने को कहा है। उपायुक्त को सौंपे गए मांगपत्र में संघ के जिला महासचिव सरोज कुमार लेंका ने कहा कि पूरे राज्य सहित जिले के सरकारी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालय प्रतिवर्ष 1 अप्रैल से सुबह 6.30 बजे से 11.30 बजे तक संचालित होते आ रहे हैं। वर्तमान में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद रांची के पत्रांक 871 के जरिए विगत 1 अप्रैल 2022 को राज्य परियोजना निदेशक द्वारा वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2021-22 को जून 2022 तक विस्तारित कर दिया गया है।
बताते हैं कि नया सत्र 2022-23 जुलाई 2022 से शुरू होगा। गौरतलब है कि ज्ञापन में कहा गया है कि दिनांक 2 अप्रैल 2021 को जारी विभागित अधिसूचना संख्या 2144 के आलोक में 1 अप्रैल से विद्यालय संचालन का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है। इतना ही नहीं इस अधिसूचना में 2 अप्रैल 2021 में नए विद्यालय संचालन समय सारिणी को नए सत्र से शुरू करने का आदेश है। ऐसी स्थिति में अभी वर्तमान सत्र जिसकी अवधि जून 2022 तक विस्तारित है के बीच में 1 अप्रैल से ही उक्त समय सारिणी को लागू कर वर्तमान गर्मी एवं प्रचंड धूप को देखते हुए अव्यवहारिक और अनुचित होने के साथ ही विभागीय अधिसूचना संख्या 2144 का भी उल्लंघन है।
इन बातों से उपायुक्त को अवगत कराते हुए संघ ने गर्मी और धूप को देखते हुए छात्र औऱ शिक्षक हित में मामले में अपने स्तर से कार्रवाई करते हुए विद्यालय की समयावधि पर उचित निर्णय लेने की गुजारिश की है। कहा गया है कि निर्धारित समय सारिणी के अनुसार दोपहर 1 बजे विद्यालय से छुट्टी होने पर बच्चे लू का शिकार हो सकते हैं। कई बच्चे दूर से आते हैं और उन्हें धूप औऱ गर्मी के कारण परेशानी होती है। संघ ने साफ कहा है कि अगर समय में सुधार नहीं किया जाता है और इस स्थिति में धूप और गर्मी के कारण किसी बच्चे की तबियत खराब होती है तो इसके लिए विद्यालय जिम्मेवार नहीं होगा।