विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर सरायकेला सदर अस्पताल में परिवार कल्याण दिवस कार्यक्रम का आयोजन

2 Min Read

K. Durga Rao

सरायकेला : विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर सरायकेला सदर अस्पताल परिसर में विश्व परिवार कल्याण दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, उप विकास आयुक्त प्रभात कुमार बारतियार, सिविल सर्जन डॉ अजय सिन्हा, विधायक प्रतिनिधि सरायकेला विधानसभा सनंद आचार्य के द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि हर साल 11 जुलाई को पूरे विश्व में जनसंख्या दिवस मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का उद्देश्य यह है कि दुनिया के प्रत्येक व्यक्ति बढ़ती जनसंख्या की ओर ध्यान दें और जनसंख्या नियंत्रण में अपना योगदान भी अवश्य दें। वहीं जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा नें आम लोगों से अपील की और कहा कि लोग जनसंख्या नियंत्रण करने में सहयोग करें तथा स्थाई एवं अस्थाई साधन अपनाकर परिवार नियोजन को सफल बनाएं।

सिविल सर्जन डॉ अजय सिन्हा के द्वारा परिवार नियोजन की विधियों इसके लाभ इत्यादि के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन से मातृ मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यु दर को घटाया जा सकता है। परिवार नियोजन में पुरुष नसबंदी को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि परिवार स्वास्थ्य मेला 11 जुलाई से लेकर 10 अगस्त 2024 तक चलेगा, जिसमें सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य जांच के साथ महिला वाजीकरण, पुरुष नसबंदी, कंडोम एवं माला-डी का वितरण किया जाना है।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत विभिन्न क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले चिकित्सक, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को मंचासीन अतिथियों के द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मेमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही नव विवाहित जोड़ो को परिवार नियोजन तथा स्वास्थ्य संबंधित विभिन्न बिन्दुओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “नई पहल किट” प्रदान किया गया।

Share This Article