फर्नेस में गूंजेगा फुटबॉल का शोर: जमशेदपुर FC ने शुरू की ऑल-डिजिटल टिकटिंग, जोमैटो के ‘डिस्ट्रिक्ट’ से साझेदारी

3 Min Read
  • ISL 2025-26 के लिए टिकट बिक्री शुरू
  • 10 फरवरी शाम 4 बजे से ऐप पर उपलब्ध होंगे सभी होम मैच टिकट

जमशेदपुर : जमशेदपुर FC ने इंडियन सुपर लीग (ISL) 2025-26 सीजन के लिए टिकट बिक्री की आधिकारिक शुरुआत कर दी है। हेड कोच ओवेन कॉयल ने इस प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इसके साथ ही क्लब भारतीय फुटबॉल में पूरी तरह डिजिटल-ओनली टिकटिंग सिस्टम अपनाने वाला पहला क्लब बन गया है। अब सभी घरेलू मैचों के टिकट 10 फरवरी शाम 4 बजे से ज़ोमैटो के टिकटिंग प्लेटफॉर्म ‘डिस्ट्रिक्ट’ ऐप के जरिए उपलब्ध होंगे।

पहली बार मिलेगा ऑल-डिजिटल मैच अनुभव
फैंस को पहले ‘डिस्ट्रिक्ट बाय ज़ोमैटो’ ऐप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद इवेंट सेक्शन में जाकर मैच सर्च कर सीट बुक की जा सकेगी। ऐप पर स्टेडियम का पूरा लेआउट, टिकट कीमत, हॉस्पिटैलिटी विकल्प और जरूरी जानकारी उपलब्ध रहेगी। पेमेंट के बाद टिकट ऐप के प्रोफाइल सेक्शन में QR कोड के साथ सुरक्षित स्टोर हो जाएगा, जिसे मैच के दिन स्कैन कर सीधे स्टेडियम में प्रवेश किया जा सकेगा।
टिकट दूसरे कॉन्टैक्ट को ट्रांसफर करने की सुविधा भी मिलेगी, जबकि कन्फर्मेशन और अपडेट ईमेल, WhatsApp और SMS के जरिए साझा किए जाएंगे, जिससे फैंस को परेशानी-मुक्त अनुभव मिलेगा।

फैन-फर्स्ट और सस्टेनेबल पहल
जमशेदपुर FC के CEO मुकुल चौधरी ने कहा कि क्लब का फोकस हमेशा फैंस पर रहा है और डिजिटल टिकटिंग सिस्टम एंट्री को तेज़, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगा। इससे फिजिकल टिकट की झंझट खत्म होगी और मैच-डे अनुभव बेहतर होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भरे स्टैंड और उत्साहित फैंस ‘फर्नेस’ के माहौल को और मजबूत करेंगे।
यह पहल क्लब की सस्टेनेबिलिटी, इनोवेशन और फैन-फर्स्ट सोच को भी दर्शाती है। डिजिटल टिकटिंग से कार्बन फुटप्रिंट कम होगा और स्टेडियम एंट्री आसान बनेगी। टिकट काउंटर की जरूरत खत्म होने से भीड़ और इंतज़ार का समय भी घटेगा।

15 फरवरी से शुरू होगा होम अभियान
ISL 2025-26 में जमशेदपुर FC अपने नौ घरेलू मुकाबले ‘फर्नेस’ यानी JRD टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेलेगा। अभियान की शुरुआत 15 फरवरी शाम 5 बजे मोहम्मडन SC के खिलाफ मैच से होगी।

टिकट दरें
▪️ नॉर्थ व साउथ स्टैंड -50 रुपये
▪️ ईस्ट अपर व वेस्ट अपर – 150 रुपये
▪️ ईस्ट व वेस्ट लोअर – 250 रुपये
▪️ VIP – 499 रुपये
▪️ हॉस्पिटैलिटी – 3000 रुपये

जमशेदपुर FC ISL में लगातार सबसे ज्यादा दर्शकों वाले क्लबों में शामिल रहा है। 2017 से अब तक प्रति मैच करीब 20 हजार दर्शकों की औसत मौजूदगी के साथ क्लब तीसरे स्थान पर है। ओवेन कॉयल के नेतृत्व में टीम एक और दमदार सीज़न के लिए तैयार है और घरेलू समर्थन को अपनी सबसे बड़ी ताकत मान रही है।

Share This Article