जमशेदपुर।
छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती को ऐतिहासिक और भव्य रूप में मनाने को लेकर जमशेदपुर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस अवसर पर छत्रपति शिवाजी सेना के तत्वावधान में 19 फरवरी 2026 को तीसरे वर्ष भी विशाल भगवा शोभायात्रा निकाली जाएगी।
इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में छत्रपति शिवाजी सेना के संस्थापक मनीष कुमार प्रसाद (मनीष सिंदे) ने जानकारी देते हुए बताया कि शोभायात्रा बारीडीह दुर्गा पूजा मैदान से प्रारंभ होकर एग्रीको पुराने दुर्गा पूजा मैदान तक जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह शोभायात्रा छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य, पराक्रम, सुशासन और राष्ट्रभक्ति को समर्पित होगी। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जमशेदपुरवासियों से अपील की गई है कि वे बड़ी संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएं।
मनीष कुमार प्रसाद ने बताया कि यह आयोजन लगातार तीसरे वर्ष किया जा रहा है और हर साल लोगों का उत्साह एवं सहभागिता बढ़ रही है। इस वर्ष शोभायात्रा को और अधिक भव्य, अनुशासित एवं प्रेरणादायक स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है, जिससे युवा पीढ़ी छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों से प्रेरित हो सके।
शोभायात्रा के दौरान भगवा ध्वज, पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़ों और राष्ट्रभक्ति नारों के साथ शिवाजी महाराज के जीवन और संघर्षों को दर्शाया जाएगा। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और सामाजिक सौहार्द के साथ संपन्न कराया जाएगा।
अंत में उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज केवल एक वीर योद्धा ही नहीं, बल्कि स्वाभिमान, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रतीक हैं। उनकी जयंती पर निकलने वाली यह शोभायात्रा समाज को एकजुट करने का कार्य करेगी।





