पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह ने की निर्दलीय कुमकुम श्रीवास्तव को समर्थन देने की घोषणा

2 Min Read

जमशेदपुर पश्चिम से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने घोषणा की है कि वे मेयर प्रत्याशी कुमकुम श्रीवास्तव के पक्ष में प्रचार करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव दलीय आधार पर नहीं कराए जा रहे हैं, इसलिए वे निर्दलीय उम्मीदवार का समर्थन करेंगे।
विकास सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आम लोगों की समस्याओं के समाधान और विकास को सरल बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया, लेकिन परदे के पीछे से एनडीए और इंडिया गठबंधन अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में खुले तौर पर प्रचार कर रहे हैं, जिसका वे विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता और विधायक सरयू राय समर्थित प्रत्याशी संध्या सिंह का वे खुलकर विरोध करेंगे।

उन्होंने मानगो क्षेत्र की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव बीते 15 महीने हो चुके हैं, लेकिन क्षेत्र में गंदगी की समस्या बनी हुई है। सुखना बस्ती में प्रस्तावित झारखंड मेघा डेयरी प्लांट का सरायकेला स्थानांतरण भी स्थानीय विकास पर असर डाल रहा है। पेयजल आपूर्ति योजना की टंकियां यूको बैंक के पास और सुखना बस्ती में अधूरी पड़ी हैं, जबकि स्थानीय जनप्रतिनिधि केवल औपचारिकता निभा रहे हैं।

विकास सिंह ने एमजीएम थाना क्षेत्र में पुलिस कस्टडी में जीत महतो की मौत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस मामले में न्याय नहीं मिल सका। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मुद्दा केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित रह गया।

उन्होंने कहा कि मानगो के हर गली-मोहल्ले में जाकर जनता से संपर्क किया जाएगा और निर्दलीय प्रत्याशी कुमकुम श्रीवास्तव के पक्ष में वोट मांगे जाएंगे, ताकि स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जा सके।

Share This Article