जमशेदपुर:
आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल और पूर्णिमा नेत्रालय के सहयोग से आयोजित दृष्टि सेवा महा अभियान के तहत आज 20 मोतियाबिंद रोगियों का फेको सर्जरी कर निशुल्क लेंस प्रत्यारोपण किया गया। सर्जरी के बाद मरीजों को दवा और चश्मा प्रदान कर उनका स्वागत किया गया।
इस अभियान के तहत झारखंड के 70 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का पूर्णिमा नेत्रालय में फेको सर्जरी किया गया। आनंद मार्ग पिछले कई वर्षों से राष्ट्रीय अंधत्व निवारण एवं नियंत्रण कार्यक्रम (डी.बी.सी.एस) और आयुष्मान के सहयोग से दृष्टि सेवा महा अभियान चला रहा है।
आनंद मार्ग की ओर से बताया गया कि 1 जनवरी, बृहस्पतिवार को गदरा शिव मंदिर के पास आंखों की बीमारी के लिए जांच शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से 1 बजे तक किया जाएगा। इसमें स्थानीय नागरिक अपनी आंखों की जांच करवा सकते हैं और आवश्यक परामर्श प्राप्त कर सकते हैं।
इस अभियान का उद्देश्य वंचित और वरिष्ठ नागरिकों तक आंखों की गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा पहुंचाना है, ताकि दृष्टि संबंधी समस्याओं का समय पर इलाज किया जा सके।





