जमशेदपुरः मकर संक्रांति उत्सव के मौके पर आज सोनारी स्थित दोमुहानी संगम घाट पर दोमुहानी संगम महोत्सव का आयोजन हुआ। हिंदू उत्सव समिति तथा उम्मीद एक अभियान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित संगम महोत्सव का मुख्य आकर्षण बनारस एवं हरिद्वार की तर्ज पर गंगा आरती थी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने हर-हर गंगे का उद्घोष भी किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता थे। उनके द्वारा कार्यक्रम के उद्घाटन के बाद बनारस से आए विद्वान ब्राह्मणों द्वारा स्वस्तिवाचन तथा देव पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
मंत्री बन्ना गुप्ता ने मुख्य यजमान के रूप में पूजा की। उन्होंने कहा कि इस उत्सव की योजना के प्रारंभ से ही हिंदू उत्सव समिति एवं उम्मीद की पूरी टीम उनके संपर्क में थी और सरकार की ओर से भी इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये हर संभव प्रयास किया गया है। उन्होंने आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने झारखंड के सबसे लोकप्रिय लोकपर्व को संजोकर रखने का एक सफल प्रयास किया है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा संगम तट पर 5100 दीये जलाए गए। साथ ही विशालकाय अल्पना दीपक की रौशनी भी अद्भुत सौदर्य बिखेर रही थी।
कार्यक्रम का संचालन शंकर रेड्डी, हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह, उम्मीद एक अभियान के अध्यक्ष सुखदेव सिंह, अमरनाथ, अभिषेक, अभिमन्यु सिंह ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में अयोध्या से आये विशंभर महाराज, मनोज सिंह, शिव शंकर सिंह, उद्योगपति ज्ञान चंद जायसवाल, जिला परिषद सदस्य कविता परमार, राजीव रंजन सिंह और अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के जिला अध्यक्ष पप्पू सिंह उपस्थित थे।