जमशेदपुर : जेपी स्कूल संकोसाई मानगो स्थित संस्कार, साधना और शिक्षा के त्रिवेणी संगम का साक्षी बनने जा रहा है जे.पी. स्कूल परिसर, जहाँ आगामी 6 एवं 7 जनवरी 2026 को भव्य एवं दिव्य नौ कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस विराट आध्यात्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण व्याप्त है।
महायज्ञ की तैयारियों के क्रम में जय प्रकाश स्कूल ट्रस्ट द्वारा सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए 151 कुमारी कन्याओं के बीच साड़ी वितरण किया गया। यह पहल न केवल आयोजन की गरिमा को दर्शाती है, बल्कि समाज में सेवा, संवेदना और संस्कार का सशक्त संदेश भी देती है।
2100 श्रद्धालुओं की ऐतिहासिक कलश यात्रा
महायज्ञ का शुभारंभ 6 जनवरी 2026 को भव्य कलश यात्रा से होगा। इस वर्ष की कलश यात्रा विशेष रूप से ऐतिहासिक होगी, जिसमें 2100 श्रद्धालु सिर पर कलश धारण कर आस्था और एकता का परिचय देंगे।
कलश यात्रा जे.पी. स्कूल परिसर से प्रारंभ होकर मानगो स्थित स्वर्णरेखा नदी पहुँचेगी, जहाँ विधिवत जल भरकर संकल्प लिया जाएगा। इसके पश्चात श्रद्धालु पुनः यज्ञ स्थल लौटेंगे, जहाँ कलश पूजन, सामूहिक आरती एवं संध्या कालीन भव्य आरती का आयोजन होगा। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो उठेगा।
हरिद्वार के विद्वान पुरोहित करेंगे वैदिक अनुष्ठान
7 जनवरी 2026 को प्रातः 8 बजे से 1:30 बजे तक नौ कुण्डीय गायत्री महायज्ञ विधिवत संपन्न होगा। इस पावन अनुष्ठान को शास्त्रोक्त स्वरूप देने हेतु हरिद्वार से पधारे विद्वान पुरोहितों एवं शक्ति पीठ गोल पहाड़ी की टोली द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियाँ अर्पित की जाएंगी।
महाभोग, स्थापना दिवस और सांस्कृतिक संध्या
दोपहर 1:30 बजे महाभोग (महाप्रसाद) का आयोजन होगा। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे से जे.पी. स्कूल का 38वां स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम भारतीय संस्कृति, परंपरा और मूल्यों की सुंदर झलक प्रस्तुत करेंगे।
दीप महायज्ञ के साथ होगा भव्य समापन
संध्या 5 बजे दीप महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसके साथ यज्ञ का विधिवत समापन होगा। दीपों की जगमगाहट से संपूर्ण परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा, शांति और सद्भाव से आलोकित हो उठेगा।
विद्यालय प्रबंधन एवं जय प्रकाश स्कूल ट्रस्ट ने समस्त क्षेत्रवासियों से सपरिवार उपस्थित होकर इस पावन महायज्ञ में सहभागिता करने एवं पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।





