- काले रंग की बाइक पर हेलमेट पहन कर आए थे बदमाश
- इससे पहले मानगो सुभाष पथ में हुई घटना में भी काले रंग की बाइक का ही हुआ था इस्तेमाल
जमशेदपुरः मानगो में एक बार फिर बदमाशों ने छिनतई की घटना को अंजाम दिया। इस बार अपराधियों ने एक 60 साल की महिला को अपना शिकार बनाया। छिनतई की घटना सुबह करीब 6 बजे हुई। मामले की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता और पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय सिंह सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जानकारी के मुताबिक मानगो सर्वोदय पथ निवासी स्वर्णा दास (60) सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकली थी। घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। बताया जाता है कि एक बदमाश बाइक लेकर खड़ा था और दूसरा महिला के पास पहुंचा और जमीन पर पटक कर उनका गला दबाने लगा। महिला के मुताबिक ऐसा लगा कि अब उनकी जान चली जाएगी। इस बीच पास ही छत से एक व्यक्ति ने शोर मचाया तो बदमाश ने महिला को छोड़ा और गले से चेन छीन कर बाइक पर बैठकर भाग निकला।
भाजपा नेता संजय सिंह ने बताया कि महिला ने सोने के कंगन के साथ ही कान में भी सोने की बाली पहनी थी। बदमाशों की मंशा उनकी हत्या कर पूरे गहने लूटने की थी, लेकिन एक व्यक्ति के आवाज देने के कारण उसे जान बच गई और बदमाश सोने की चेन छीनकर भाग निकले।
उन्होंने कहा कि घटना के बाद महिला काफी डर गई थी। वह पुलिस के पास भी नहीं जाना चाह रही थी। बाद में वे पहुंचे और पुलिस को खबर किया। इसके बाद थाना में शिकायत की गई। उन्होंने बताया कि उन्होंने आस-पास के दो सीसीटीवी कैमरों की भी जांच करवाई, लेकिन वहां कुछ नहीं मिला।
बताते हैं कि करीब 15 दिन पहले भी मानगो सुभाष कॉलोनी में इस तरह की घटना हुई थी। दोनों ही घटनाओं का तरीका एक ही बताया जा रहा है। उस वक्त भी पीड़िता ने बताया था कि काले रंग की बाइक पर दो युवकों ने घटना को अंजाम दिया। आज भी जो घटना हुई, उसमें काले रंग की बाइक पर सवार होकर दो युवक पहुंचे थे। दोनों ने अपनी पहचान छुपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था।